धानापुर। थाने से महज सौ मीटर दूर बाइक की एजेंसी सहित तीन दुकानों का शटर चांड़ कर चोरों ने बुधवार की रात नकदी सहित तीन लाख रुपये मूल्य से अधिक का सामान चुरा लिया। सुबह दुकानों का शटर टूटा देख कर चोरी का पता चला तो पूरे कस्बा में खलबली मच गई। पीड़ितों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया और चोरी की घटना का पर्दाफाश करने का आश्वासन दिया।
कस्बा स्थित खान मार्केट में केजीएन होंडा एजेंसी, पप्पू किराना, एवं अंसारी किराना की दुकान है। रात में दुकानदार दुकान बंद कर घर चले गए। आधी रात के बाद चोरों ने तीनों दुकानों का शटर चांड़ कर सामान गायब कर दिया। गुुरुवार की सुबह लोग टहलने निकले तो बाजार में दुकानों का शटर चाड़ा हुआ देख कर भौचक रह गए। इसकी सूचना दुकानदारों को दी। सूचना पाकर पहुंचे दुकानदारों ने अंदर जाकर देखा तो लाखों रुपये मूल्य के सामान गायब थे। हीरो एजेंसी के मालिक गुड्डू खान ने बताया कि हजारों रुपये मूल्य के चैन स्पोकिट और इंजन के सामान चोरी गए हैं। अंसारी किराना ने बताया कि हजार के नोट और लगभग पंद्रह हजार रुपये के सिक्के चोर उठा ले गए हैं। वहीं पप्पू किराना ने बताया कि पार्टी को देने के लिए सिक्का सहित लगभग 32 हजार रखे थे वह सब गायब है। तीनों दुकानों से तीन लाख रुपये मूल्य के अधिक के सामान और नकदी चोरी हुए हैं। भुक्तभोगियों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और जांच पड़ताल में जुट गई। पुलिस ने पास के एक कपड़े की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को देखा तो उसमें चोर नजर आए। चोर चार से पांच की संख्या में थे और वे शटर तोड़ने के लिए लोहे की सरिया और हथौड़े साथ लाए थे। हालांकि चोरों के चेहरे साफ नहीं दिख पा रहे हैं। सीओ त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि धानापुर पुलिस सीसी टीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर चोरों का पता लगा रही है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा हो जाएगा। वहीं चोरी की बढ़ती घटनाओं से इलाके में दहशत है। पूर्व में हुई लाखों रुपये की छिनैती और अष्टधातु की मूर्ति चोरी की घटना का भी फर्दाफाश नहीं हो पाया है।