सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के खोर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर महिला सहित परिवार के सात सदस्यों को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों का स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराया। मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर 11 हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
खोर गांव में दो पक्षों के बीच काफी दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। मामला लंबे समय से एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन है। रविवार को दोपहर में एक पक्ष के लोगों द्वारा विवादित भूमि पर कार्य कराया जा रहा था। इसे लेकर एक पक्ष के धर्मेद्र विश्वकर्मा ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचित कर दिया था। आरोप है कि इसी बात को लेकर लामबंद होकर दूसरे पक्ष के लोगों ने धनश्याम विश्वकर्मा (65), राजेंद्र विश्वकर्मा (35), होरी विश्वकर्मा (45), मोनू विश्वकर्मा (16), परमेश्वरविश्वकर्मा (33), श्याम देवी (62), शांति देवी (68) और आठ वर्षीय विशाल विश्वकर्मा को घर में घुसकर लाठी डंडे से प्रहार कर लहूलुहान कर दिया। पुलिस के पहुंचने से एक को छोड़ सभी आरोपी भाग निकले। सीओ त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर 11 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की खेजबीन के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है।