मुगलसराय(चंदौली)। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गल्लीमंडी में किराए के मकान में रह रहे रेलककर्मी की पत्नी सोमवार को साड़ी का फंदा बनाकर छत में पंखे के लिए लगे कुंडे में झूल गई। घटना के बाद घर पहुंचे रेलकर्मी ने पत्नी को नीचे उतारा उसके बाद आनन- फानन में मंडल रेलवे लोको अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
मुगलसराय रेलवे में पोर्टर के पद पर कार्यरत बिहार प्रांत के पटना निवासी मुकेश कुमार की शादी दिसंबर 2016 में पटना की ही ममता (26) से हुई थी। मुकेश शादी के बाद अपनी पत्नी के साथ गल्लमंडी स्थित एक मकान में किराए पर रह रहा था। मुकेश ने बताया कि सोमवार को दिन में लगभग बारह बजे वह किसी कार्य से डीआरएम आफिस गया हुआ था। दोपहर में एक बजे घर लौटा तो दरवाजा भीतर से बंद देख उसने अपनी पत्नी के मोबाईल पर काल की। जब फोन नहीं उठा तो उसने किसी प्रकार खिड़की से घर के भीतर झांका तो देखा कि पत्नी साड़ी का फंदा बनाकर सीलिंग से झूली है। किसी प्रकार घर का दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और उसे नीचे उतार कर रेलवे मंडल लोको अस्पताल ले गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे कूड़ा बाजार पुलिस चौकी प्रभारी धीरेन्द़्र सिंह ने शव को कब्जे में ले लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गए। पुलिस ने बताया कि मृतका के परिवार वालों का इंतजार किया जा रहा है। परिवार वालों के आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।