धीना। स्थानीय रेलवे स्टेशन के समपार फाटक के समीप गुरुवार को रेलवे ट्रैक पार करते समय मगध एक्सप्रेस के टक्कर से सांड की मौत हो गई। ट्रेन के झटके से सांड के मांस और हड्डी छिटककर गेटमैन कृष्ण कुमार श्रीवास्तव के ऊपर जा गिरा। इससे गेटमैन घायल हो गया। घायल गेटमैन को रेलवे कर्मचारियों ने बरहनी अस्पताल भर्ती कराया जंहा हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने रेलवे अस्पताल पीडीडीयू नगर में भर्ती कराया।
गुरुवार की सुबह 10:38 बजे मगध एक्सप्रेस दिल्ली से इस्लामपुर जा रही थी। गाड़ी जैसे ही धीना स्टेशन के करीब पहुंची वहां ग्रीन सिग्नल हो गया था। इस दौरान गेटमैन कृष्णा कुमार श्रीवास्तव धीना समपार फाटक पर झंडी लेकर खड़ा रहा। ट्रेन तेज गति से धीना स्टेशन परिसर में प्रवेश कर समपार गेट से समीप पहुंची थी कि रेलवे ट्रैक पर सांड आ गया। गेटमैन ने रेलवे ट्रैक से सांड को हटाने का प्रयास किया तब तक मगध एक्सप्रेस से सांड की जोरदार टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई। इससे सांड का क्षत विक्षत हड्डी और मांस गेटमैन के शरीर पर आ गिरा और वह गिर पड़ा। ट्रेन के जाने के बाद आस पास के लोगों ने गेटमैन को उठाया। घटना से गंभीर रूप से घायल गेटमैन का दांया हाथ टूट गया था। सूचना पर रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल एंबुलेंस से घायल गेटमैन को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी भर्ती किया। हालत चिंताजनक होने पर गेटमैन को प्राथमिक उपचार के बाद पीडीडीयू नगर के रेलवे अस्पताल में रेफर कर दिया गया।