नियामताबाद। अलीनगर थाना अंतर्गत नदेसर गांव में शुक्रवार को विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम उसके पति पिंटू बिंद व सास मालती देवी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को पुलिस गिरफ्तार की। पुलिए अब आगे की कार्रवाई में जुटी है।
अलीनगर थाना के कुंडलिया गांव निवासी विजयी बिंद की पुत्री तेतरी (25) की शादी वर्ष 2014 में नदेसर गांव निवासी पिंटू बिंद से हुई थी। दो वर्ष पूर्व दोनों का गौना हुआ था। शुक्रवार को ससुराल में ही तेतरी की अचानक मौत हो गई। मौत के बाद बगैर मायके पक्ष को सूचना दिए परिजन दाह संस्कार के लिए किसी वाहन से शव लेकर वाराणसी की ओर जा रहे थे। इसी बीच उसके मायके पक्ष के लोगों को इसकी जानकारी हुई। वे तत्काल जीवधीपुर गांव के समीप पहुंचे। यहां नेशनल हाईवे पर उन लोगों ने वाहन को रोक लिया। मायका पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए इसकी सूचना यूपी 100 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाने ले आई। वहीं देर शाम महिला के पिता विजयी बिंद की तहरीर पर पति पिंटू व सास मालती के खिलाफ पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया। इस संबंध में सीओ सदर त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि अलीनगर थाना प्रभारी अश्वनी चतुर्वेदी के नेतृत्व में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के नदेसर गांव की विवाहिता की शुक्रवार को संदिग्धावस्था में हुई मौत के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाने ले आई। शनिवार को पोस्टमार्टम ले जाने की कार्रवाई चल रही थी। इसीबीच अलीनगर थाने में तैनात एक सिपाही ने महिला के भाई को पीट दिया। भुक्तभोगी सियाराम ने सिपाही पर आरोप लगाया कि जब वह पोस्टमार्टम के बाबत पूछताछ कर रहा था। उसी समय सिपाही ने आवेश में आकर उसे पीट दिया। भुक्तभोगी ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है।