पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो पर एआरटीओ आफिस के समीप मंगलवार को दोपहर दो बजे अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़ कर फरार हो गया। घटना से गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण सड़क पर वाहनों की गति नियंत्रित करने और मृत महिला के परिवारीजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बसनी गांव निवासी गोपाल शर्मा की पत्नी आशा देवी (45) यूनियन बैंक की शाखा से पैसे निकालने के लिए आई थी। वह पैसे निकाल कर वापस आ रही थी। वह सड़क पार कर रही थी तभी वाराणसी की तरफ से आ रहा ट्रक ब्रेकर पर अनियंत्रित हो गया और महिला को कुचल दिया। ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद लोग जुटते, इससे पहले ही चालक वाहन छोड़ कर भाग गया। एकत्र लोगों ने पथराव कर ट्रक का शीशा तोड दिया और सड़क पर जाम लगा दिया। आरोप लगाया कि मार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रित नहीं है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची अलीनगर पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया और शव और वाहन कब्जे में लेकर थाने पर ले आई। पुलिस ने आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आशा के चार पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। बड़े बेटे मुकेश शर्मा और बड़ी बेटी सुमन की शादी हो चुकी है। अजीत शर्मा, रंजीत, अमित, कुमकुम और किरन पढ़ाई कर रहे हैं। महिला की मौत के बाद परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।