पड़ाव। होली के दिन गुरुवार को चौरहट गांव के समीप पटाखा छोड़ने के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना पाकर पहुंची जलीलपुर पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों को समझाने की कोशिश की पर मामला शांत नहीं हुआ। सूचना पर पहुंचे सीओ सदर त्रिपुरारी पांडेय ने काफी प्रयास कर समझा-बुझाकर मामला हल कराया। पुलिस ने नौ लोगों को धारा 151 के तहत चालान कर दिया है। वहीं घटना के बाद दो गांवों में तनाव व्याप्त है।
होली की देर रात रामनगर रोड के किनारे चौरहट गांव के कुछ लोग रतनपुर गांव के समीप पटाखा छोड़ रहे थे। रात ज्यादा हो जाने की वजह से रतनपुर गांव के लोगों ने उनका विरोध किया। इस बात को लेकर दोनों पक्ष के लोगों में कहासुनी होने लगी। कुछ देर बाद दोनों पक्ष के लोग मारपीट करने लगे। सूचना पाकर पहुंची जलीलपुर चौकी की पुलिस ने आपस में मारपीट कर रहे लोगों को समझाने का कोशिश की पर वे मानने को तैयार नहीं हुए। मामला बढ़ता देख पुलिस ने इसकी सूचना तत्काल सीओ सदर को दी। ब्यूरो