पड़ाव। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत पड़ाव रामनगर मार्ग पर कटेसर गांव के समीप शनिवार की शाम चार बजे
ट्रक के धक्के से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति जख्मी हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद नाराज लोगों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया। आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर जलीलपुर चौकी ले आई।
दुलहीपुर निवासी अशोक कुमार गुप्ता (50) अपनी पत्नी राधा (48) को लेकर स्कूटर से वाराणसी दवा लेने गया था। शाम चार बजे वे रामनगर पुल से होते हुए वापस लौट रहे थे। कटेसर गांव के समीप पीछे से आ रहे ट्रक ने दूसरे ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर से स्कूटर पर पीछे बैठी राधा नीचे गिर गई और ट्रक के पहिए के नीचे आकर कुचल गई। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई वहीं पति अशोक घायल हो गया। चीख पुकार सुनकर जब तक लोग जुटते ट्रक चालक फरार हो गया। मौके पर जुटे लोगों ने सड़क पर ब्रेकर बनाने और मृतक के परिवार वालों को मुआवजा देने की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची जलीलपुर चौकी पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर चौकी ले आई। सूचना पाकर राधा के दो बेटे चौकी पर पहुुंच गए । परचून की दुकान चलाकर जीविकोपार्जन करने वाले अशोक कुमार गुप्ता के दो बेटे आशीष और मनीष हैं।