अलीनगर थाना क्षेत्र के कटरिया के पास हाइवे के किनारे खड़े ट्रक में मंगलवार को इलाहाबाद निवासी खून से लथपथ चालक का शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस इसे हत्या मानकर जांच पड़ताल में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार इलाहाबाद के कोरांव थाना क्षेत्र के सिरावल गांव निवासी 40 वर्षीय ट्रक चालक शंकर लाल गत 5 जनवरी को मध्यप्रदेश के इंदौर से ट्रक में टॉफी लादकर रांची के लिये निकला था। मंगलवार की दोपहर उसी ट्रांसपोर्ट कंपनी का अन्य ट्रक चालक भी माल लादकर रांची जा रहा था। जैसे ही दूसरा ट्रक कटरिया से गुजरने लगा कि तभी उसके चालक की नजर सड़क किनारे खड़े अपनी ही कंपनी के ट्रक पर पड़ी। जब उसने ट्रक के केबिन के भीतर झांका तो ट्रक चालक शंकर लाल का खून से लथपथ शव दिखा। उसने इसकी सूचना अलीनगर पुलिस व ट्रांसपोर्ट कंपनी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ट्रक को अलीनगर थाने ले आई। बाद में पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिवार वालों को भी दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया। इस संबंध में सीओ सदर प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। आगे जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा।