पीडीडीयू नगर। राजकीय रेलवे पुलिस ने स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या चार के पश्चिमी छोर से एक युवक को 50 यूरो के साथ गिरफ्तार किया। जीआरपी के अनुसार युवक अंतर्राज्यीय चोर है ओर लंबे समय से ट्रेनों में यात्रियों का सामान चुरा रहा है।
सोमवार को आधी रात के बाद जीआरपी कर्मी स्टेशन पर संदिग्धों की तलाश कर रहे थे। रात ढाई बजे जीआरपीकर्मी प्लेटफार्म संख्या चार के पश्चिमी छोर पर पहुंचे तो एक युवक संदिग्ध हाल में दिखा। उसे पकड़ कर तलाशी ली गई तो उसके पास से पचास यूरो (विदेशी मुद्रा) बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने अपना नाम विक्की कुमार निवासी चतुर्भुजपुर काली महाल बताया। जीआरपी पीडीडीयू प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि विक्की लंबे समय से ट्रेनों में यात्रियों का सामान चुरा रहा है। विक्की गिरोह में रहता है और गिरोह के सदस्य ट्रेनों में लोगों को बहला फुसला कर उनकी सीट पर बैठ जाते हैं और यात्रियों के सोने के बाद उनका सामान लेकर चंपत हो जाते हैं। इनके गिरोह का मुख्य निशाना विदेशी यात्री होते हैं। गिरोह के लोग बिहार के विभिन्न स्टेशनों के साथ वाराणसी, इलाहाबाद में भीचोरी करते हैं। विक्की के खिलाफ मुगलसराय कोतवाली सहित अन्य थानों में मुकदमा दर्ज है।