बबुरी। चकिया पीडीडीयू नगर मार्ग पर मिर्जापुर जनपद के जमालपुर थाना अंतर्गत बबुरी क्षेत्र के चोरमरवा गांव के समीप रविवार को करीब 11 बजे ट्रक के धक्के से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बाइक चला रहे संदीप ने हेलमेट नहीं लगाए थे। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया। शवों का जिला अस्पताल पर पोस्टमार्टम हुआ जबकि घायल को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। एक घंटे बाद पुलिस के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए। जमालपुर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने ले गई और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
मिर्जापुर जनपद के जमालपुर थाना अंतर्गत पिडखिड़ गांव निवासी लल्लन (55) अपने साढ़ू सुकृत निवासी राधे (58) के साथ बबुरी के लिए चला था। चूंकि राधे और लल्लन में कोई वाहन चलाना नहीं जानते थे तो लल्लन ने गांव के ही युवक संदीप (20) को साथ ले लिया। तीनों राधे की पुत्री की शादी के लिए लड़का देखने बबुरी जा रहे थे। तीनों एक ही बाइक से चकिया-पीडीडीयू नगर मार्ग पर चोरमरवा गांव के समीप पहुंचे थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सोनभद्र से गिट्टी लादकर चकिया से पीडीडीयू नगर आ रहे ट्रक सामने आ गई। दोनों की आमने सामने की टक्कर में बाइक से गिरकर सवार तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद लोगों को जुटता देख ट्रक चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया। लोगों ने तीनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। यहां चिकित्सकों ने संदीप और राधे को मृत घोषित कर दिया, जबकि लल्लन की हालत गंभीर देख उसे ट्रॉमा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया। दूसरी तरफ घटना स्थल पर जुटे नाराज लोगों ने ट्रक में तोड़ फोड़ शुरू कर दी और जाम लगा दिया। सूचना पाकर बबुरी पुलिस के साथ जमालपुर थाने की पुलिस भी पहुंच गई और जाम लगाए लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। घंटेभर जाम लगने से मार्ग पर आवागमन ठप रहा।
बबुरी। मिर्जापुर जनपद के सुकृत निवासी राधे की सड़क हादसे में मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। बेटी का हाथ पीला करने से पहले ही पिता की मौत के बाद घर में सियापा छाया हुआ है। मां-बेटी सहित पूरा परिवार दहाड़े मारकर रो रहा है। वहीं राधे के साथ में गए जमालपुर थाना अंतर्गत पिड़खिड़ गांव के उनके साढ़ू लल्लन के गंभीर रूप से घायल होने और संदीप की मौत से गांव में मातम छा गया। खेती बारी कर जीवन यापन करने वाले मुन्ना के पुत्र संदीप सिर्फ बाइक चलाने के लिए लल्लन के साथ बबुरी के लिए चला था। उसे क्या मालूम था कि यह उसका आखिरी दिन होगा। दो भाईयों में बड़ा संदीप की मौत के बाद पिता मुन्ना, मां और छोटा भाई प्रदीप का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया। यही हाल लल्लन के घर का भी था।