पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के टीआरएस शेड में शनिवार को सुबह 9:35 बजे क्रेन का केबल टूटने और पुली गिरने से टेक्नीशियन प्रमोद कुमार यादव (52) की मौत हो गई। इसे विभाग की लापरवाही बताते देते हुए कर्मचारी हंगामा करने लगे। काम बंद कर कर्मचारी धरने पर बैठ गए। अधिकारियों ने मामले की जांच करने, दोषी को दंडित करने, मृतक के परिवार को सभी देयों का जल्द से जल्द भुगतान करने का आश्वासन दिया, तब छह घंटे बाद धरना समाप्त हुआ।
अलीनगर थाना के जंसो की मड़ई निवासी प्रमोद कुमार यादव टीआरएस शेड के ई 3 सेक्शन टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत थे। शनिवार की सुबह 10 बजे वे क्रेन के समीप काम कर रहे थे। इसी बीच क्रेन का केबल टूट गया और उसकी पुली टूट कर प्रमोद कुमार के सिर पर गिरी। इससे प्रमोद गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इससे मौके पर हड़कंप मच गया। साथी कर्मचारी उन्हें वाराणसी के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, हादसे के बाद रेलकमियों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि टेक्नीशियन से क्रेन चालक का काम लिया जा रहा है। यही नहीं, क्रेन जर्जर और उसके केबल टूटते जा रहे हैं। कई बार इसकी शिकायत की गई लेकिन अधिकारियों ने क्रेन की मरम्मत नहीं कराई। लापरवाही के कारण यह हादसा हो गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मृतक आश्रित को सभी देयों का भुगतान जल्द किया जाएगा। छह घंटे तक बाद शाम 4 बजे धरना समाप्त हुआ।
इनसेट-
मामले की उच्च स्तरीय जांच के लिए समिति गठित
टीआरएस शेड में काम के दौरान प्रमोद कुमार की मौत के मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है। मंडल जनसंपर्क अधिकारी विश्वनाथ ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के निर्देश पर प्रमोद के परिजनों को अंत्येष्टि के लिए तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई। डीसीआरजी, अवकाश नकदीकरण, समूह बीमा, कर्मचारी लाभ निधि, पारिवारिक पेंशन सहित सभी देयों को देने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इनसेट-
ईसीआरएमसी ने सुरक्षा मानकों पर उठाए सवाल
पीडीडीयू नगर। ईस्ट सेंट्रल रेलवे मेंस कांग्रेस ने प्रमोद कुमार यादव के मौत के मामले में सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाया है। संगठन के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री दिनेश तिवारी ने कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया और मशीनों का नियमित रखरखाव नहीं हो रहा है। उन्होंने सुरक्षा ऑडिट कराने, मामले की जांच कराकर दोषियों को दंडित करने की मांग की।
पीडीडीयू रेलवे के टीआरएस शेड में दुर्घटना के बाद धरना देते रेलकर्मी। संवाद- फोटो : Archive
पीडीडीयू रेलवे के टीआरएस शेड में दुर्घटना के बाद धरना देते रेलकर्मी। संवाद- फोटो : Archive
पीडीडीयू रेलवे के टीआरएस शेड में दुर्घटना के बाद धरना देते रेलकर्मी। संवाद- फोटो : Archive