जनपद के प्राथमिक विद्यालयों में प्रशिक्षण लेने के बाद उत्तीर्ण हुए 244
शिक्षकों की रविवार को बीएसए कार्यालय में स्थायी नियुक्ति के लिए
काउंसलिंग की गई।
सभी को विद्यालय विकल्प दिया गया। काउंसलिंग
समिति के अध्यक्ष डा. अमरनाथ राय ने बताया कि काउंसलिंग कराने वाले
शिक्षकों को 28 दिसंबर को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि
प्रदेश में 72 हजार 828 प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया के तहत जनपद
में 1200 शिक्षकों की नियुक्ति की जानी है। इसी क्रम में प्रशिक्षणरत
शिक्षकों को परीक्षा के बाद स्थायी रूप से नियुक्ति दी जा रही है। अभी तक
988 को नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल कर लिया गया है, जबकि शेष 212 अभी
प्रशिक्षणरत हैं।
इसी क्रम में रविवार को द्वितीय बैच के 244 महिला और
पुरुष शिक्षकों की स्थायी नियुक्ति की काउंसलिंग की गई। इसमें 13 नि:शक्त
जन और 146 महिलाएं शामिल रहीं। पहले महिला शिक्षकों की काउंसलिंग हुई।
उन्हें काउंसलिंग के बाद विद्यालय विकल्प दिया गया, जबकि पुरुष वर्ग का
प्रमाण पत्र जमा किया गया। बीएसए पीसी यादव ने बताया कि रोस्टर प्रणाली के
तहत सभी की नियुक्ति की जाएगी।
जो 212 शिक्षक प्रशिक्षणरत हैं, उनको
प्रशिक्षण के बाद स्थायी नियुक्ति दी जाएगी। काउंसलिंग के लिए सुबह से ही
बीएसए कार्यालय के बाहर शिक्षकों की भीड़ लगी रही।
कोई अकेले तो कोई अपने
अभिभावकों के साथ काउंसलिंग के लिए पहुंचा था। काउंसलिंग के लिए गठित टीम
में डायट प्राचार्य डा. अमरनाथ राय, बीएसए पीसी यादव, पूनम सिंह और
बृजलाल कन्नौजिया शामिल रहे।