चंदौली। नगर पंचायत सैयदराजा में तैनात अधिशासी अधिकारी के खिलाफ सभासदों में नाराजगी है। नाराज सभासदों ने ईओ को हटाने के लिए बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। बाद में डीएम को संबोधित ज्ञापन कलेक्ट्रेट में तैनात अधिकारियों को दिया। इसके अलावा स्पीड पोस्ट के जरिए सीएम, प्रमुख सचिव, डीजीपी, मंडलायुक्त को पत्र भेजकर मामले की जांच कराने की मांग की है।
सभासदों ने आरोप लगाया कि उन्हें फंसाने के लिए ईओ ने मनगढंत और झूठी कहानी गढ़ी है। पूरे प्रकरण की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। आरोप लगाया कि नगर में मानक के विपरीत विकास कार्य कराए जा रहे हैं। पिछले आठ माह से नगर पंचायत बोर्ड की बैठक नहीं कराई गई। इसको लेकर आवाज उठाई गई तो उन्होंने सभासदों पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाकर झूठी कहानी गढ़ दी। वहीं मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। जिला प्रशासन पूरे प्रकरण की सही ढंग से जांच कराकर उचित कार्रवाई करे। वहीं ईओ को शीघ्र स्थानांतरित किया जाना चाहिए। यदि ऐसा नहीं हुआ, तो सामूहिक इस्तीफा दिया जाएगा। इस दौरान सगीर अहमद, पूनम देवी, तमन्ना, जमीला, अमरनाथ रहे।