पीडीडीयू नगर। जिले में फिर से कोरोना का संक्रमण तेजी से फैलना शुरू कर दिया है। रविवार को छह कोल व्यवसायियों सहित 15 कोरोना संक्रमित मिले हैं। लगभग चार माह बाद इतनी बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इस तरह जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 32 हो गई। इसकी पुष्टि जिलाधिकारी संजीव सिंह ने की है।
चार जनवरी को जिले में मात्र तीन सक्रिय मरीज बचे हुए थे। ऐसे में लग रहा था कि अब जिले से कोरोना समाप्त हो जाएगा लेकिन मार्च माह के दूसरे पखवारे में अब लगातार संक्रमित मिल रहे हैं। रविवार को आई कोरोना रिपोर्ट में पांच महिला और दस पुरुष कोरोना पाजिटिव हैं। सभी स्थानीय हैं और अपने कार्य स्थल से संक्रमित हुए हैं। संक्रमितों की चार गृहिणी, छह कोयला व्यापारी, एक प्राइवेट गार्ड, एक बिजली विभाग का आपरेटर, एक रेल कर्मी और एक छात्र है।
संक्रमितों में 12 पीडीडीयू नगर के रहने वाले हैं, जबकि नियामताबाद, शहाबगंज, चंदौली ब्लाक के एक-एक संक्रमित हैं। इनके संपर्क में आए अन्य व्यक्तियों की कांटैृक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। रविवार को जिले में कोरोना की जांच के लिए कुल 858 नमूने संग्रहित किए गए। दूसरी तरफ आज एक संक्रमित स्वस्थ हुआ और अस्पताल से घर वापस लौटा। इस तरह जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4924 हो गई। इनमें एक्टिव केस की संख्या 32 है जबकि 4825 संक्रमित स्वस्थ हो चुके है। जिले में अब तक कुल 67 संक्रमितों की मृत्यु हो चुकी है।