चहनिया। क्षेत्र के रसूलपुर हथवापर स्थित हरिनंदन पीजी कॉलेज में रविवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय नेशनल मेडिसिनल प्लांट बोर्ड की ओर से गिलोय मिशन जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। बीएचयू के प्रो. यामिनी भूषण त्रिपाठी ने लोगों को गिलोय के प्रति जागरूक किया। कहा कि इसके सेवन से व्यक्ति के शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। इससे पहले मुख्य अतिथि शिवराज सिंह यादव ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि गिलोय एक आयुर्वेदिक औषधि है जो लोगों को कई रोगों से बचाती है। वहीं शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ाती है। इसके उपयोग से कोरोना जैसे वायरस का प्रभाव नहीं पड़ता। पूर्व संकाय प्रमुख आयुर्वेद, प्रोफेसर व वैद्य सुशील कुमार दुबे ने स्वस्थ रहने के लिए छोटी गिलोय के डंठल के उपयोग के बारे में जानकारी दी। यह भी बताया कि स्वस्थ रहने के लिए अपने आसपास उगने वाले गिलोय के छालों और जड़ों का कैसे उपयोग करें। इस मौके पर डॉ. राकेश मौर्य, प्राचार्य प्रदीप श्रीवास्तव, विभागाध्यक्ष सूर्यनाथ सिंह यादव, रविकांत मौर्य, आलिया बेगम सहित महाविद्यालय के कर्मचारी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन जिला समन्वयक यशवंत सिंह यादव के सहयोग से किया गया।