जिले के सभी थानों और कोतवालियों में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनी गई। कमिश्नर और डीआईजी ने मुगलसराय कोतवाली में तो एसपी और डीएम ने धीना थाने में पहुंच कर फरियाद सुनी।
मुगलसराय कोतवाली में दोपहर दो बजे कमिश्नर वाराणसी मंडल नितिन रमेश गोकर्ण और डीआईजी एसके भगत पहुंचे। उन्होंने अपराध रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों को देखा और अपराधों के प्रति सचेत रहने का निर्देश दिया। कमिश्नर ने भी मामलों की सुनवाई की और समस्याओं को निर्धारित समय में निस्तारित करने का नसीहत दी। समाधान दिवस में कुल चौदह मामले आए। सदर सीओ श्यामदेव की मौजूदगी में सभी मामलों का निस्तारण किया गया। इस दौरान थानाध्यक्ष साजिद सिद्दीकी सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
धीना संवाददाता के अनुसार स्थानीय थाने में दोपहर बारह बजे डीएम सुरेन्द्र विक्रम और एसपी मुनिराज पहुंचे। उन्होंने समाधान दिवस में आए मामलों को निस्तारित किया। यहां पांच मामलों में से तीन का निस्तारण हुआ। सकलडीहा में नौ प्रार्थना पत्रों में चार का निस्तारण किया गया।
सैयदराजा में थानाध्यक्ष नागेश मिश्र की देख रेख में सात मामलों में दो निस्तारित हुए। बबुरी थाने में राजस्व विभाग के कर्मियों के न पहुचंने से समस्याओं के निस्तारण में बाधा आयी। यहां एसडीएम चकिया रमाशंकर द्विवेदी और एएसपी नक्सल कुशहर सौरव ने मामले की सुनवाई की।
क्षेत्र के इन्द्रपुरा गांव के एक विवादित स्थल के निस्तारण के लिए उपजिलाधिकारी ने गांव में पहुंच कर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने लेखपाल के माध्यम से नापी करा अग्रिम कार्रवाई के लिए कागजात तैयार कराया।