चंदौली। बिजली चोरी रोकने तथा बकाया बिजली बिल की वसूली के लिए रविवार को बिजली विभाग ने अभियान चलाया। बिजली विभाग की टीम ने नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में छापा मारकर दो सौ से अधिक कनेक्शनों की जांच की। इस दौरान 26.45 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया होने के चलते 83 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गये। साथ ही उपभोक्ताओं से 5.41 लाख की वसूली हुई।
बिजली विभाग के तीनों उपखंडों में 50 करोड़ से अधिक बिजली बिल बकाया है। बकाया बिजली बिल की वसूली के लिए शासन से दबाव है। वहीं जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान बिजली विभाग के अफसरों को सुस्ती पर कड़ी चेतावनी दी थी। इसके बाद विभाग हरकत में आ गया है। हर माह सप्ताह के अंत में शनिवार व रविवार को उपकेंद्रों पर शिविर लगाकर बकाएदारों से वसूली की जाती है। वहीं टीम गठित कर अभियान भी चलाया जाता है। इसी क्रम में एसडीओ प्रशांत कुमार ने नेतृत्व में अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम ने मुख्यालय समेत आसपास के इलाके में छापा मार कर कनेक्शन की जांच की। 83 बकाएदारों पर 26.45 लाख बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काट दिया गया। जबकि दो दर्जन से अधिक बकाएदारों से 5.41 लाख बिल की वसूली हुई। बड़े बकाएदारों को जल्द बिल जमा कराने की हिदायत दी गई। एक्सईएन एके सिंह ने बताया कि बकाया बिल की वसूली व कनेक्शनधारकों की समस्याओं के निस्तारण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। एकमुश्त समाधान योजना शुरू की गई है। कनेक्शनधारक योजना के तहत आवेदन कर लाभ ले सकते हैं।