पीडीडीयू नगर। मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री भाजपा नेता विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ कथित अपमानजनक बयान देने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री विजय शाह के खिलाफ नारेबाजी की और उन पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
कांग्रेस के शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ता नगर के जीटी रोड स्थित लाल बहादुर शास्त्री पार्क में एकत्र हुए। यहां से कार्यकर्ताओं विजय शाह का पोस्टर लेकर जुलूस निकाला। जुलूस में शामिल कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नगर भ्रमण के बाद कार्यकर्ता शास्त्री पार्क के समीप पहुंचे। यहां मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह का पोस्टर जलाया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी को आतंकवादी की बहन कहना सेना का मजाक उड़ाना और मनोबल गिराना है। वक्ताओं ने मंत्री के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। जुलूस रामजी गुप्ता, दयाराम पटेल, विजय गुप्ता, नवीन पांडेय, नेहाल अख्तर, अनवर सादात, संजय मिश्र, इसरार कुरैशी, मेवालाल पटेल आदि शामिल रहे।