चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय में घायलों का इलाज कराते भाजपा विधायक कैलाश आचार्य। जागरूक पाठक
कोतवाली क्षेत्र के चकिया-अहरौरा मार्ग पर रघुनाथपुर गांव स्थित मां काली मंदिर के पास बुधवार की देर शाम सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई, जबकि मामा-भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया, जहां से एक की हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया।
बिहार के कैमूर के चैनपुर थाना क्षेत्र के हटा स्थित तेनऊरा गांव निवासी दीपक अपने एक साथी और तीन वर्षीय भांजे अमित के साथ बाइक से चकिया कोतवाली क्षेत्र के मुजफ्फरपुर डिबरी गांव जा रहे थे। वह भांजे को उसके पिता प्रदीप के पास छोड़ने के साथ ही एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। घुनाथपुर गांव स्थित मां काली मंदिर के समीप पहुंचते ही उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में दीपक के 35 वर्षीय साथी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक और मासूम अमित गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों हेलमेट नहीं लगाए थे।
इसी दौरान क्षेत्रीय भाजपा विधायक कैलाश आचार्य वहां से गुजर रहे थे। सड़क पर घायल पड़े लोगों को देखकर उन्होंने तत्काल वाहन रोककर प्रशासन को सूचना दी और एंबुलेंस बुलवाकर दोनों घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय भिजवाया। बाद में विधायक स्वयं अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दीपक की हालत गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया, जबकि तीन वर्षीय अमित का उपचार जिला संयुक्त चिकित्सालय में जारी है। गंभीर रूप से घायल होने के कारण दीपक अपने मृतक साथी की पूरी पहचान नहीं बता सका। कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी गई है।