रेवसा स्थित आईटीआई में बने एल-वन केंद्र का निरीक्षण करते कमिश्नर दीपक अग्रवाल व आईजी विजय सिंह मी
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। लॉकडाउन में छूट दिए जाने के बाद कोरोना संक्रमितों की बढ़ने की आशंका के देेखते हुए कमिश्नर वाराणसी दीपक अग्रवाल व आईजी रेंज विजय कुमार मीणा ने सोमवार को जिलेभर के विभिन्न कोविड -19 केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले के अधिकारियों को किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए सावधान रहने के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर और आईजी ने केंद्रों पर शौचालय, साफ-सफाई व कैंटीन के मानकों को भी परखा। इस दौरान कमिश्नर ने यहां प्रशिक्षित चिकित्सकों की तैनाती के लिए निर्देशित किया।
कमिश्नर वाराणसी दीपक अग्रवाल और आईजी रेंज वाराणसी विजय कुमार मीणा सोमवार को निरीक्षण के लिए सबसे पहले भोगवारे स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे। जहां उन्होंने के 45 बेड वाले एल-1 स्तर के अस्पताल के लिए आवश्यक सुविधाओं को परखा। इसके बाद रेवसा पहुंचे जहां उन्होंने आईटीआई का निरीक्षण किया। इसे भी एल 1 स्तर का केंद्र बनाया गया है और यहां दो सौ बेड की व्यवस्था की गई है जिसमें सौ बेड तैयार कर लिया गया है और शेष बेड की व्यवस्था की जा रही है। इसके बाद कमिश्नर और आईजी पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय पहुंचे। जहां गंभीर मरीजों के लिए तैयार किए गए आईसीयू सेंटर में वेंटिलेटर आदि व्यवस्थाओं एवं तैयारियों का निरीक्षण किया। यहां पर चार वेंटिलेटर और 05 कार्डिक मॉनिटर की व्यवस्था की गई है। कमिश्नर चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि यहां प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ व चिकित्सकों को तैनात किया जाय जो किसी भी विपरीत परिस्थिति से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहें। इस दौरान जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, पुलिस अधीक्षक हेंमत कुटियाल, मुख्य विकास अधिकारी डा. एके श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी अन्य लोग मौजूद रहे।