पीडीडीयू नगर। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से चलाई जा रही यात्री स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे ने ठोस कदम उठाए हैं। यात्री कोरोना से संक्रमित न हो, इसके लिए लगातार कोचों को सैनिटाइज किया जा रहा है।
रेलवे एक जून से दो सौ यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू की है। इन स्पेशल ट्रेनों में से पूर्व मध्य रेल के राजेंद्रनगर टर्मिनल, पाटलिपुत्र, पटना, दानापुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा आदि स्टेशनों से 24 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि कोविड-19 के कारण वर्तमान परिस्थिति में लोगों को सुरक्षित रेल यातायात सुविधा मुहैया कराना एक बड़ी चुनौती है । पूर्व मध्य रेल यात्री हित में इस चुनौती को गंभीरता से लेते हुए बिना किसी चूक के सभी आवश्यक कदम उठा रहा है। पूर्व मध्य रेल क्षेत्राधिकार से खुलने वाली स्पेशल ट्रेनों के परिचालन में कोविड-19 से बचाव के लिए निर्धारित सभी मानदंडों को पूरा किया जा रहा है । डिपो में रेकों के रख-रखाव के दौरान अत्यंत सतर्कता बरतते हुए कोचों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ट्रेनों के गंतव्य पर पहुंचने के बाद खाली रेक को प्लेटफार्म पर ही सेनिटाइज किया जा रहा है। इसके बाद ही रेक को पैडलॉक करने के बाद सफाई के लिए इसे वाशिंगपिट भेजा जा रहा है।यात्रा के दौरान वातानुकूलित कोचों का तापमान कम से कम 24 से 25 डिग्री पर रखा जा रहा है। ट्रेन में ऑन ड्यटी ओबीएचएस स्टाफ को स्क्रीनिंग के बाद ही तैनात किया जा रहा है।
पीडीडीयू नगर। स्थानीय रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर पर सेंट्रल यार्ड में दो नंबर लाइन पर बुधवार को दोपहर में लगभग दो बजे डीजल इंजन के दो चक्का बेपटरी हो गया। इससे बड़ा हादसा होते होते टला। मौके पर पहुंची विभागीय टीम ने प्रयास कर इंजन को पटरी पर ला दिया और पौने पांच बजे इंजन को आगे के लिए रवाना किया गया। ट्रेन में जोड़ने के लिए डीजल इंजन संख्या 14059क्त्रस् उतर-पूर्व रेल गोंडा को मेन लाइन पर ले जाया जारहा है। इसी बीच प्वाइंट संख्या 55 के पास इंजन का दो चक्का बेपटरी हो गया। इस घटना से रेलकर्मियों में खलबली मच गई। आनन फानन में इसकी सूचना कंट्रोल को दी गई। कंट्रोल की सूचना पर अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंच गए। इंजीनियरों ने आधे घंटे के प्रयास के बाद इंजन को पटरी पर ला दिया। इसके बाद इंजन को आगे बढ़ाया गया। हालांकि इस दौरान ट्रेनों के आवागमन पर असर नहीं पड़ा।