चंदौली। चहनिया के रामगढ़ में बाबा कीनाराम के जन्मोत्सव और तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ रविवार को होगा। महोत्सव में लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। शनिवार को जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और एसपी आदित्य लांग्हे ने महोत्सव की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि रविवार को मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा की तैयारियां पूरी कर ली है गईं। करीब एक घंटे तक कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री रहेंगे। एसपी ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए मेला क्षेत्र के अलावा हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। सभी प्रकार के वाहनों के के लिए नवोदय विद्यालय बैराठ में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। 500 से अधिक पुलिस कर्मी और पीएसी के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे। वहीं, 50 से ज्यादा सीसी कैमरों और ड्रोन के जरिये निगरानी की जाएगी।