पीडीडीयू नगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को चंदौली आएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने बताया कि दोपहर 1:35 बजे मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर जगदीशसराय के पास हेलिपैड पर उतरेगा। इसके बाद वे सीधे कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद अपराह्न 3:35 बजे लखनऊ के लिए निकल जाएंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए बुधवार को हेलिपैड बनवाया गया। डीएम चंद्र मोहन गर्ग और एसपी आदित्य लांग्हे पूरे दिन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बृहस्पतिवार के आगमन को देखते हुए बुधवार को प्रशासन और पुलिस के अधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम चंद्र मोहन गर्ग और एसपी आदित्य लांग्हे की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए। डीएम ने अधिकारियों को आगाह किया कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान कोई भी चूक या लापरवाही न हो। यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, रूट डायवर्जन आदि की व्यवस्था दुरुस्त कर लें। बुधवार को डीएम और एसपी ने जगदीशसराय गांव स्थित एक विद्यालय परिसर में बनाए जा रहे हेलिपैड का निरीक्षण भी किया। इस दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों को डीएम-एसपी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था सुविधाओं का जायजा लिया। डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण करेंगे। इसके बाद सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित जानकारी और प्रस्तुतियां तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान सीडीओ आर जगत साईं, एडीएम (न्यायिक) रतन वर्मा, सीएमओ डॉ. वाईके राय, डीएफओ बी. शिवशंकर, एएसपी, डीडीओ, परियोजना अधिकारी, डीसी मनरेगा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी और डीपीआरओ आदि मौजूद रहे।