ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए गनेशपुर गांव में 32 करोड़ रुपये की लागत से चीफ मिनिस्टर मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण शुरू हो गया है। कार्यदायी संस्था ने विद्यालय भवन के पिलर खड़े करने का काम शुरू कर दिया है।
विद्यालय बनने के बाद आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विद्यालय में कक्षा एक से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन बनाया जाएगा। इसके अलावा शिक्षकों के लिए आवास की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इससे विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के बेहतर संचालन में मदद मिलेगी। भाजपा विधायक कैलाश आचार्य ने बताया कि क्षेत्र के विकास के साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। शिक्षा विभाग के स्तर पर लगातार प्रयास के बाद गनेशपुर में मॉडल स्कूल की स्वीकृति मिली है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गांव के आसपास ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।