नई दिल्ली से ओडिशा के भुवनेश्वर जा रही डाउन 02824 भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान किशोरी से युवक ने छेड़खानी की। किशोरी के परिवार वालों की शिकायत पर स्थानीय चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
भटिंडा पंजाब निवासी व्यक्ति अपनी पत्नी और 14 वर्षीय किशोरी बेटी के साथ भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस के कोच संख्या बी-9 के सीट संख्या 41 और 42 पर सवार होकर नई दिल्ली से ओडिशा की यात्रा कर रहा था। उसके बगल की सीट पर एनटीपीसी ददरी गाजियाबाद में सीआईएसएफ कांस्टेबल के पद पर तैनात युवक भी यात्रा कर रहा था।
आरोप है कि ट्रेन रात दस बजे के बाद जब आगे के लिए बढ़ी। इसी बीच कांस्टेबल किशोरी के साथ छेड़खानी करने गया। किशोरी के शोर मचाने पर माता पिता की नींद खुल गई। दोनों ने इसकी सूचना कंट्रोल को दी। कंट्रोल की सूचना पर पीडीडीयू नगर जीआरपी सक्रिय हो गई।
ट्रेन रात लगभग दो बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंची। ट्रेन के पहुंचते ही जीआरपी कर्मियों ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सीआईएसएफ के जवान को जीआरपी थाने लाकर मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जीआरपी निरीक्षक आरके सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर केस प्रयागराज भेज दिया गया है।