संवाद न्यूज एजेंसी
चंदौली। साथियों की मौत से आक्रोशित डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने शनिवार को न्यायिक कार्य से विरत रहकर मुख्यालय पर जुलूस निकाला। जुलूस सदर तहसील व न्यायालय परिसर का भ्रमण करने के बाद सभास्थल पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान वकीलों ने सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। अंत में डीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि महोबा जनपद के अधिवक्ता मुकेश पाठक व मेरठ के अधिवक्ता ओमकार सिंह तोमर के उत्पीड़न के कारण आत्महत्या कर लिए जाने पर रोष व्यक्त किया। कहा कि सरकार के उत्पीड़न के कारण ही अधिवक्ताओं को आत्महत्या करनी पड़ी है। उन्होंने मृतक अधिवक्ताओं का उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने, मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की। अंत में कहा कि अधिवक्ताओं पर हो रहे उत्पीड़न को रोकने के लिए सरकार एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करे। चेताया कि सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करती तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। जुलूस में अनिल सिंह, संतोष सिंह, झन्मेयज सिंह, धनंजय सिंह, राकेश रत्न तिवारी, उज्जवल नारायण सिंह, नीरज सिंह, चंद्र भूषण यादव, शमसुद्दीन, योगेश सिंह, दिलीप सिंह, राहुल सिंह, दुर्गेश पांडेय, अमित सिंह आदि शामिल रहे।