पीडीडीयू नगर। कोरोना संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन की अवधि बढ़ा दिए जाने के बाद बच्चों के लिए समय काटना मुश्किल हो रहा है। स्कूलों के बंद होने के बाद सावधानी को लेकर अभिभावक अपने बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। ऐसे में बच्चे इंडोर गेम खेल पेंटिंग, रंगोली आदि बना कर समय को सार्थक कर रहे हैं। साथ ही ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं
कैलाशपुरी निवासी संजय राय के कक्षा सात में पढ़ने वाले पुत्र हिमांशु व मृत्युंजय राय के कक्षा चार में पढ़ने वाले पुत्र ऋषिक आपस में चचेरे भाई हैं। इन दिनों लॉकडाउन के कारण दोनों घरों में कैद हैं। समय काटने के लिए दोनों भाई कैरम, लूडो सहित अन्य गेम खेल रहे हैं। इसके अलावा दोनों ऑनलाइन पढ़ाई भी कर रहे हैं। समय बचने पर रंगोली ,पेंटिंग आदि बनाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि समय बिताने के लिए वे खेलने के साथ चित्रकारी भी कर रहे हैं। वहीं रविनगर निवासी मुकेश तुलस्यान की कक्षा पांच में पढ़ने वाली पुत्री तुषिता ऑनलाइन शिक्षा ग्रहण करने में जुटी है। वह लैपटॉप पर स्कूल के शिक्षकों से अग्रिम कक्षा की पढ़ाई कर रही है। उसने बताया कि समय बचने पर वह अन्य भाई-बहनों के साथ इंडोर गेम भी खेल रही है। बच्चों को इन गतिविधियों में लिप्त देख उनके अभिभावक काफी प्रसन्न हैं हालांकि अब उन्हें बच्चों के पढ़ाई की चिंता भी सताने लगी है। उनका कहना है कि ऑनलाइन पढ़ाई से बच्चे वह शिक्षा प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं जो उन्हें स्कूलों में पढ़ने से मिलती।
कैरमबोर्ड खेलते हिमांशु व ऋषिक।- फोटो : CHANDAULI