नगर सहित जनपद के विभिन्न अंचलों में मंगलवार की दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर
भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिससे दहशतजदा लोग घरों से बाहर निकल गए।
देहातों
में भी खेतों की तरफ लोग निकल गए। वहीं कुछ जगहों पर लोगों के घायल होने व
घरों की दीवारों में दरार पड़ने की सूचना भी है।
थोड़ी देर के लिए संचार
व्यवस्था ठप होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भूकंप की
तीव्रता को लेकर लोगों में काफी देर तक चर्चा होती रही। महिलाओं व बच्चों
में अधिक घबराहट देखी गई।
नगर में मंगलवार की दोपहर भूकंप के झटके
महसूस किए गए। राजकीय महिला प्रसवोत्तर केंद्र में चिकित्सक, मरीज सभी बाहर
निकलकर भागे। हालांकि किसी प्रकार के जानमाल के क्षति नहीं हुई।
नियामताबाद संवाददाता के अनुसार- भूकंप के चलते गोपालपुर गांव निवासी हैदर
अली (45) गांव में ही राजगीर का काम करते समय दीवार गिरने से गिरकर घायल हो
गया।
वहीं नियामताबाद गांव के कमला सिंह के कच्चे मकान की दीवार में दरार
पड़ गई। सैयदराजा संवाददाता के अनुसार- भूकंप के दौरान भगदड़ मच गई।
हालांकि किसी तरह के जानमाल की हानि की सूचना नहीं है। इसी तरह चकिया
कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर में अफरातफरी के दौरान घर से बाहर भागते समय
तुलसी (38) छड़ में फंसकर गिरकर घायल हो गया।
उसे चकिया संयुक्त चिकित्सालय
में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। कमालपुर संवाददाता के अनुसार भूकंप के
चलते क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। लोग बैंकों, घरों, दुकानों से भागते नजर
आए। हर कोई सुरक्षित स्थान की तलाश में जुटा रहा। कई ऐसे लोग भी रहे जो
दूसरों को भागते देखकर खुद भागने लगे।
नौगढ़ संवाददाता के अनुसार कस्बे के
पुराने मकानों में दीवारों में दरार पड़ गई है। इसी तरह कंदवा, धीना व
पड़ाव संवाददाता के अनुसार भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से
बाहर निकल गए। इस दौरान लोगों में पिछले दिनों आए भूकंप के झटकों पर चर्चा
होती रही।