कंदवा। पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के लिए नई पात्रता सूची के हिसाब से गांवों में सर्वे होगा। ऐसे में अब सचिव के अलावा अब प्राविधिक सहायक, पशुधन प्रसार अधिकारी, ट्यूबवेल ऑपरेटर, बोरिंग टेक्नीशियन, सींचपाल समेत कई विभागों के कर्मचारी सर्वे में लगाए जाएंगे। इसके लिए विभागवार गांवों की सूची तैयार कर ली गई है।
कर्मचारियों को अधिकतम तीन ग्राम पंचायतों का सर्वे करना है। कर्मचारी गांवों में जाकर नई पात्रता सूची के अनुसार सर्वे कर रिपोर्ट प्रशासन को देंगे। यहां से उसकी विधिवत जांच होने के बाद शासन को भेजी जाएगी। सर्वे के लिए ब्लॉकवार सभी कर्मचारियों का ग्राम पंचायतों का आवंटन हो गया है। सर्वे की तिथि शासन से आते ही कर्मचारी गांवों में जाकर पात्र लाभार्थी का चयन करेंगे। पिछले के नियम के अनुसार सर्वे का कार्य केवल ग्राम पंचायतों में तैनात सचिव को ही करना होता था। अब पात्रता सर्वे बीडीओ की देखरेख में होगा।किसी को पात्र बनाने के लिए कारण का भी जिक्र किया जाएगा। सर्वे टीम के साथ पात्र व्यक्ति व उसके आवास की फोटो भी लेनी है। वहीं, किसी को अपात्र घोषित करने का कारण स्पष्ट करना होगा।
बरहनी के बीडीओ चंद्रभान उपाध्याय ने बताया कि पीएम आवास के पात्रता सर्वे के लिए कई विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इससे सर्वे कार्य में पारदर्शिता कायम रहेगी। शासन से सर्वे की तिथि आते ही आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।