अब लोगों को चंडीगढ़ से बठिंडा जाते समय ज्यादा जेब ढीली करनी होगी, खासकर कार से सफर करने पर। यदि आपको अपनी कार से चंडीगढ़ से बठिंडा जाना हो तो पांच टोल प्लाजा पर टोल टैक्स देना होगा। इनमें से एक टोल (संगरूर से बरनाला के बीच वाला) चालू भी हो गया है। बाकी चार का निर्माण पूरा हो गया है और इनके जरिये भी कुछ ही महीनों में टैक्स वसूली शुरू कर दी जाएगी।
चंडीगढ़ से बठिंडा की दूरी करीब सवा दो सौ किलोमीटर है और इसे पूरी करने के लिए एक तरफ का करीब 400 रुपये टोल टैक्स अदा करना पड़ेगा। वहीं अगर सामान्य बस से चंडीगढ़ आया जाए तो कुल किराया पौने दो सौ रुपये के करीब पड़ता है।
यही नहीं, अगर कार से भी जाए तो एक तरफ का करीब 400 रुपये का ही डीजल लगता है। अधिकारियों की माने तो एक टोल प्लाजा पर कम से कम 80 रुपये की पर्ची काटी जाएगी। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से निर्धारित मापदंड के हिसाब से कार, जीप, वैन या एलएमवी वाहन का एक टोल प्लाजा पर 80 रुपये, एससीवी, एलजीवी या मिनी बस के एक टोल प्लाजा पर 125 रुपये, थ्री एक्सेल कर्मिशयल वाहन के एक टोल प्लाजा पर 290 रुपये , एचसीएम व ईएमई या एमएवी जो चार से छह एक्सेल वाहन होंगे उनके एक टोल प्लाजा पर 415 रुपये तथा ओवर साइज वाहन सात या अधिक एक्सेल वालों के एक टोल प्लाजा पर 505 रुपये वसूल किए जाएंगे।
ये हैं पांच टोल
टोल प्लाजा
- फोटो : अमर उजाला
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के एक्सईएन (पटियाला) एनपी सिंह और एक्सईएन (बठिंडा) निर्मल सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ से बठिंडा के बीच पांच टोल प्लाजा का सामना करना पडे़गा। ये टोल बैरियर जीरकपुर से राजपुरा के बीच, राजपुरा से पटियाला, पटियाला से संगरूर, संगरूर से बरनाला के बीच और बठिंडा के लहरा मुहब्बत के पास है।
आप विधायक ने जताया विरोध
आम आदमी पार्टी के विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी ने कहा है कि केंद्र सरकार का लोगों के साथ यह कोरा मजाक है। टोल बैरियर लोगों की लूट का कारण बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो किसी भी वाहन की आरसी बनवाते समय ग्राहक से फुलटाइम रोड टोल टैक्स भरवा लिया जाता है और दूसरी तरफ टोल प्लाजा पर अलग से टोल देना पडता है।
इस तरह लोगों से दो-दो बार रोड टैक्स लेकर उन्हें लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह इसकी आवाज विधानसभा में उठाएंगे।