वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो को देखते हुए चंदौली और वाराणसी प्रशासन ने यातायात और पार्किंग की व्यवस्था तय कर दी है। एयर शो के दौरान राजघाट और सामने घाट पुल से वाराणसी की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। प्रतिबंधित मार्गों से बचने के लिए वाहन चालकों को एनएच-19 और रिंग रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। यातायात प्रतिबंध संबंधित तिथियों में सुबह आठ बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।
बुधवार को पड़ाव स्थित एक स्कूल में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों की ब्रीफिंग हुई। इसमें रूट मैप, पार्किंग स्थलों, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण, जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
राजघाट और सामने घाट पुल से जाने से बचें
एयर शो के दौरान मुगलसराय और अलीनगर थाना क्षेत्रों से वाराणसी जाने वाले वाहन राजघाट और सामने घाट पुल का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गंतव्य तक पहुंचने की अपील की गई है।
जिन लोगों को एयर शो नहीं देखना है और वाराणसी के रास्ते बाबतपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर या अन्य जिलों की ओर जाना है, उन्हें एनएच-19 और रिंग रोड से यात्रा करने की सलाह दी गई है। पुलिस ने बैरियर, मार्ग संकेतकों और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है।
दोपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग
एयर शो देखने आने वाले दोपहिया वाहन चालकों के लिए बहादुरपुर रोड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। गंगा नदी रिंग रोड पुल के मवई शिवाला अंडरपास से दोपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल की ओर भेजा जाएगा। इसके अलावा एम्बिशन, एप्को ऑफिस और एप्को ग्राउंड में भी दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग निर्धारित की गई है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से सड़क या मुख्य मार्ग पर वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। इससे यातायात बाधित होने और जाम लगने की आशंका है।