चंदौली। अपर पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी मुखर्जी की अध्यक्षता में मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में व्यापारियों की बैठक हुई। इस दौरान व्यापारियों ने सुरक्षा सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित मुद्दे उठाए गए। इसपर एएसपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
एएसपी ने कहा कि जिले में सुरक्षा के साथ ही और बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है। पुलिस प्रशासन व्यापारियों के साथ है। उनकी सुरक्षा और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाएगा। कहा कि व्यापारी सुरक्षा के दृष्टिगत अपनी दुकानों में सीसीटीवी कैमरा अवश्य लगवाएं। यदि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब हालत में हैं तो तत्काल उसकी मरम्मत कराया जाए। साथ ही अगर कोई भी संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी जाए। ताकि पुलिस तत्काल उसके खिलाफ कार्रवाई कर सके। उन्होंने कहा कि दुकानों पर अनावश्यक भीड़ न लगने दें। त्यौहारों के मद्देनजर पूरी सतर्कता बरतते हुए दुकानदारी की जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य किया जाए। इस मौके पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरी, चंद्रेश्वर जायसवाल, महमूद आलम, हनुमान चौरसिया, अंकित, राजकुमार, मुरारी, प्रदीप, पंकज सहित अन्य व्यपारी मौजूद रहे।