पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत इंडियन इंस्टीट्यूट स्थित स्टेडियम के बाहर खड़ी तीन बाइकों में शरारती तत्वों ने शुक्रवार की सुबह एक साथ आग लगा दी। कुछ ही देर में तीनों वाहन जलकर राख हो गए। वाहन स्वामी स्टेडियम के बाहर बाइक खड़ी कर सुबह मार्निंग वॉक कर रहे थे। घटना की जानकारी होते ही स्थानीय लोगों में खलबली मच गई। पीड़ितों ने लिखित तहरीर पुलिस को दी है। घटना से आसपास के लोगों में काफी आक्रोश है ।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के इंडियन इंस्टीट्यूट कालोनी स्थित स्टेडियम में हर रोज लोग टहलने व कसरत के लिए आते हैं। स्टेडियम में आने वाले लोग अपने-अपने वाहनों को गेट के बाहर खड़ा कर देते हैं। शुक्रवार की सुबह स्टेडियम में पहुंचे तलद फरीद, तनवीर अहमद और इंद्रजीत सिंह चिंटू अपनी-अपनी बाइकों को स्टेडियम के गेट के बाहर खड़ा कर भीतर मानिंग वॉक के लिए चले गए। कुछ देर बाद किसी ने उन लोगों को सूचना दी कि उनकी बाइकें धूं-धूं करके जल रही हैं। इस दौरान आग लगाने वाले शरारती तत्व मौके से भाग निकले। सुबह का समय होने के कारण बाहर भी कम लोग थे। इससे वे किसी की नजर में नहीं आए। लोग स्टेडियम से भागकर बाहर आये तो जलती हुई बाइकें देखकर उनके होश उड़ गए। बाद में आसपास के लोगों की मदद से पानी और मिट्टी फेंककर किसी तरह आग बुझाई गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पीड़ितों की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर दी गई है।