पीडीडीयू नगर। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद ठंड और गलन का असर तेज होता जा रहा है। लगातार तापमान में गिरावट से ठंड से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। धूप न खिलने से स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी उठानी पड़ी। यात्रियों और राहगीरों को भी दिक्कत उठानी पड़ी। ठंड में लोग ठिठुरते-सिकुड़ते अपने गंतव्य को पहुंचे। कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने 12वीं तक के सभी स्कूल 21 दिसंबर तक बंद रखने के निर्देश दिए है।
बुधवार को अधिकतम 18 और न्यूनतम आठ डिग्री तक पहुंच गया। जबकि मंगलवार को न्यूूनतम तापमान नौ डिग्री थी। तापमान एक सेंटीग्रेट लुढ़कने से लोग ठंड से बेेहाल दिखे। दिन में दोपहर में घंटेभर के लिए हल्की धूप निकली लेकिन एक घंटे बाद फिर बादलों ने ढंक लिया। तेज धूप नहीं निकलने और दिनभर 10 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पछुवा हवा चलने से ठंड से लोग ठिठुरते रहे। वहीं सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की मुकम्मल व्यवस्था नहीं होने से राहगीर और यात्रियों को परेशानी हुई। ठंड में लोग जरूरी काम से ही घर से दोपहर में किसी तरह निकले। लेकिन पांच बजे तक फिर हल्का कोहरा पड़ने और ठंड के चलते लोग घरों में दुबक गए। रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे पर आने वाले यात्री ठंड से बेहाल दिखे। इसी तरह नगर में गिनती की जगहों पर अलाव की व्यवस्था होने से बाकी स्थानों पर लोग अलाव की तलाश में भटकते रहे।
ठंड से बारहवीं तक के स्कूल 21 तक बंद
पीडीडीयू नगर। बारिश के बाद बढ़ी ठंड और गलन के चलते सभी बोर्ड के कक्षा एक से बारहवीं तक के स्कूल 21 दिसंबर तक बंद कर दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विनोद कुमार राय ने बताया कि डीएम नवनीत सिंह चहल के निर्देश पर सभी बोर्डों की कक्षाएं बंद रहेंगी। उन्होंने यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएससी बोर्ड के प्रधानाचार्यों/प्रबंधकों को कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है।
संवाद न्यूज एजेंसी
धीना। सर्द हवाओं और कड़ाके की ठंड के चलते बुधवार को विकासखंड धानापुर के प्राथमिक विद्यालय रैथा में दो बच्चे बीमार हो गए। कक्षा में ही उल्टी होने लगी। यह देखकर प्रधानाध्यापक और शिक्षकों में हड़कंप मच गया। बाकी बच्चे शोर मचाने लगे। यह देखकर आनन-फानन में प्रधानाध्यापक ने अभिभावकों की मदद से बच्चों को कमालपुर निजी चिकित्सालय में भर्ती कराए। जहां दोनों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत ठीक है। वहीं बच्चों को स्वेटर का वितरण नहीं किया गया था। इसके बाद बच्चों में वितरण किया गया।
प्राथमिक विद्यालय रैथा के कक्षा तीन का छात्र दीपक कुमार पुत्र जितेंद्र बुधवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे अचानक कक्षा में ही उल्टी करने लगा। यह देखकर प्रधानाध्यापक ने अभिभावक को सूचना देकर चिकित्सालय ले जाने की तैयारी कर रहे थे, इसी दौरान कक्षा चार में पढ़ने वाला छात्र राहुल पुत्र विष्णु अचानक कक्षा में बेहोश होकर गिर गया। जिससे विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई।
धीना। भीषण सर्दी के दस्तक देने के बाद विकासखंड धानापुर के प्राथमिक विद्यालय रैथा के बच्चों को बुधवार को स्वेटर का वितरण किया गया। प्रधानाध्यापक ईश्वर चंद त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार एवं बुधवार दो दिनों में स्वेटर का वितरण कर दिया गया। खंड शिक्षा अधिकारी धानापुर कन्हैयालाल कुमार ने बताया कि लालपुर न्याय पंचायत में सोमवार को स्वेटर का वितरण करने के लिए दे दिया गया था। वितरण में देर क्यों हुई इसमें दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
पीडीडीयू नगर। मौसम के करवट लेते ही हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने लोगों को हिला कर रख दिया है बावजूद इसके सरकारी विद्यालयों में स्वेटर वितरण के नाम पर स्थिति काफी खराब है। जिले में स्वेटर वितरण की स्थिति इस कदर खराब है कि निर्धारित अवधि बीतने के बाद तक स्वेटर का वितरण नहीं हो पाया है वहीं कुछ विद्यालयों में स्वेटर आए तो वो भी छोटे हो गए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित पूर्व माध्यमिक बालिका विद्यालय में कुल 90 छात्राएं पढ़ती है। बालिकाओं को अब तक स्वेटर नहीं मिल सका है। छात्राओं का कहना रहा कि स्वेटर तो आए थे लेकिन वह छोटे बच्चों के नाप के थे, जिसे वापस कर दिया गया है। ठंड से बचने के लिए बालिकाएं निजी खर्च पर स्वेटर खरीदकर स्कूल पहनकर आने को विवश हैं। इस संबंध में विद्यालय की प्रधानाचार्य कमर जहां ने बताया कि विद्यालय में छोटे बच्चों के नाम के स्वेटर आए थे, जिसे लौटा दिया गया है। बताया कि बालिकाओं की संख्या व स्वेटर के माप के संबंधित जानकारी अधिकारियों को दे दी गई है।