सकलडीहा। पीजी कालेज में भारी गहमा-गहमी के बीच शनिवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी की गई थी। जांच में नामांकन करने वाले उम्मीदवारों के सभी आवेदन वैध पाए गए। वहीं छात्रसंघ अध्यक्ष पद के एक उम्मीदवार ने अपना पर्चा वापस लिया। इसके बाद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व महामंत्री पद पर तीन-तीन प्रत्याशी भाग्य आजमाएंगे। सोमवार को मुख्य चुनाव अधिकारी डा.उदय शंकर झा ने नामांकन पत्रों की जांच के बाद उम्मीदवारों की सूची चस्पा की।
छात्रसंघ चुनाव नामांकन के तीसरे दिन सकलडीहा पीजी कॉलेज में सुबह से ही छात्रों की चहल-पहल बढ़ गई थी। चुनाव अधिकारी ने नामांकन करने वाले प्रत्याशियों के आवेदन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी की। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार धीरज कुमार के पर्चा वापस ले लिए जाने के बाद शेष उम्मीदवारों की सूची चस्पा की गई। एक प्रत्याशी की नाम वापसी के बाद अध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशी कुलदीप कुमार यादव, मेहताब अली और विकास राय बचे हैं। वही उपाध्यक्ष पद पर अतुल कुमार पांडेय, अनुराग सिंह गौतम और बाबा ठाकुर व महामंत्री पद पर निखिल कुमार, प्रियांशु सिंह और रिशु यादव की त्रिकोणात्मक लड़ाई होगी। पुस्तकालय मंत्री पद पर आशुतोष विश्वकर्मा, मिलिंद कुमार मौर्या और कला संकाय प्रतिनिधि के लिए कृष्ण कुमार पांडेय व पवन कुमार की टक्कर होगी। वहीं शिक्षा संकाय प्रतिनिधि पर सौरभ कुमार एकमात्र प्रत्याशी हैं जिससे उनका निर्विरोध चुन लिया जाना तय है। मुख्य चुनाव अधिकारी और सहायक चुनाव अधिकारी डा. प्रमोद पांडेय ने बताया कि चुनाव लड़ने वाले सभी उम्मीदवारों की सूची चस्पा कर दी गई है। दो दिसंबर को सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान, इसके बाद मतगणना और विजेता उम्मीदवारों को शपथ ग्रहण कराया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से सीओ प्रदीप सिंह चंदेल, कोतवाल रहमतुल्ला खां, कस्बा प्रभारी बाबूराम यादव, अच्छेलाल यादव, राजेश सिंह, अजय त्रिपाठी मौजूद रहे।