पीडीडीयू नगर। नगर पालिका के वार्ड संख्या चार गिधौली अंतर्गत सिद्धार्थपुरम कालोनी से निकलने वाले गंदे नाले का निर्माण पूरा नहीं होने से कालोनीवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को कालोनीवासियों ने नगर पालिका ईओ से मुलाकात कर इसका हल निकाले जाने की मांग की है। ईओ को सौंपे गए शिकायती पत्र में कालोनीवासियों ने आरोप लगाया कि उनकी कालोनी से निकलने वाले नाले को कुछ ही दूरी पर अतिक्रमण कर अवरूद्ध कर दिया गया है। इससे कालोनी की सड़कों पर नाबदान का पानी बह रहा है और संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है।
कालोनीवासियों ने बताया कि सिद्धार्थपुरम कालोनी में कुछ समय पहले इंटरलॉकिंग और नाले निर्माण का कार्य कराया गया था। कालोनीवासियों के अनुसार इसके बाद कच्चे रास्ते पर एक कच्चा नाला बनाया गया था। कालोनी का गंदा पानी इसी से बहता है। आरोप लगाया कि कच्चे नाले को अतिक्रमण कर समाप्त किए जाने से नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहता रहा है। इससे कालोनीवासी उसमें होकर गुजरने को विवश है। जलभराव होने से वहां संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा भी बन गया है। इस संबंध में ईओ नगर पालिका कृष्ण चंद्र ने बताया कि जेई को मामले की जांच के लिए कहा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।