चंदौली। प्रशासनिक सुस्ती के चलते जिले में बबुरी और कमालपुर में दो नए ब्लाक बनाने कर प्रस्ताव काफी समय से लंबित है। जबकि दोनों प्रस्तावित ब्लाकों के जमीन चिह्नित हो चुकी है। मगर अभी तक स्वीकृति के लिए प्रस्ताव को प्रशासनिक अफसरों ने शासन को प्रस्ताव ही नहीं भेजा था। शनिवार को विधायक साधना सिंह ने कलेक्ट्रेट में प्रगति के बारे में जानकारी ली तो वह पता चला कि प्रस्ताव अभी शासन को भेजा ही नहीं गया है। इस पर वह नाराज हो गई और डीएम नवनीत सिंह चहल से मिलकर को शासन को भेजने की मांग की।
जिले में नौ ब्लाक चहनिया, सदर, बरहनी, धानापुर, शहाबगंज, चकिया, नौगढ़, नियामताबाद, सकलडीहा संचालित है। वहीं दो नए ब्लाक बबुरी और कमालपुर के स्थापना को लेकर प्रक्रिया चल रही है। बबुरी में बनने वाले नए ब्लाक में सदर और नियामताबाद ब्लाक के कुछ गांवों को शामिल किया जाएगा। वहीं कमालपुर में धानापुर, बरहनी तथा सकलडीहा ब्लाक के कुछ गांवों को शामिल करके ब्लाक का दर्जा दिए जाने का प्रस्ताव है। नए ब्लाकों को मंजूरी दिलाने के लिए जनप्रतिनिधियों ने शासन में जमकर पैरवी की। इसके बाद शासन ने जिला प्रशासन से ब्लाकों को दर्जा देने के लिए प्रस्ताव मांगा था। कमालपुर ब्लाक मुख्यालय के लिए स्थानीय कस्बा में एक एकड़ से अधिक जमीन, तथा बबुरी में दो एकड़ भूमि चिन्हित की गई। लेकिन बबुरी में प्रस्तावित जमीन भूलेख में रास्ते के रुप में दर्ज होने के कारण इसे परिर्वतित करना जिला प्रशासन के अधिकार क्षेत्र के बाहर हो गया। ऐसे में मामला एक बार फिर ठंडे बस्ते में चला गया। शनिवार को मुगलसराय विधायक साधना सिंह ने कलेक्ट्रेट में डीएम नवनीत सिंह चहल से मुलाकात कर दोनों प्रस्तावित ब्लाकों का प्रस्ताव शासन को भेजने के लिए चर्चा की। काफी समय तक मामले को लटकाए रखने पर उन्होंने अधिकारियों के कार्य प्रणाली पर नाराजगी जताई। शनिवार को ही दोनों प्रस्तावित ब्लाकों का प्रस्ताव शासन को भेजने की कवायद शुरु हो गई।
जिला प्रशासन की ओर से नए ब्लाकों की स्थापना को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। जिले में दो नए ब्लाकों की मंजूरी के लिए सीएम से मिलकर मांग करुंगी। साधाना सिंह, विधायक मुगलसराय।
बबुरी व कमालपुर को अलग ब्लाक का दर्जा दिलाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। प्रस्ताव को जल्द ही शासन को भेजा जाएगा। पद्मकांत शुक्ल, जिला विकास अधिकारी।