पीडीडीयू नगर। सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी के 550 प्रकाशपर्व के अवसर पर सोमवार की रात नगर के जीटी रोड स्थित गुरुद्वारे में विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान अमृतसर व लुधियाना से आये रागी जत्थे ने गुरुनानक देव जी से जुड़ी कथाओं के माध्यम से सिख धर्म के ऊपर प्रकाश डाला और श्रद्धालुओं को निहाल किया।
इसके पूर्व सुबह नगर के धर्मशाला स्थित गुरुद्वारे से नगर कीर्तन निकाला गया। इस दौरान गुरु स्वरूप गुरु ग्रंथ साहिब जी की सवारी, पांच प्यारे रहे। नगर कीर्तन जीटी रोड से होते हुए गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंचा। इस दौरान सिख श्रद्धालु गुरु ग्रंथ साहिब जी की सवारी के आगे पानी डालकर सड़क को साफ करते नजर आए। वहीं सतनाम वाहे गुरु, वाहे गुरु सतनाम का पाठ करते रहे। रात को आयोजित विशेष कीर्तन दरबार में प्रसिद्ध रागी जत्था भाई जगत सिंह लुधियाना, भाई बलवंत सिंह अमृतसर, ज्ञानी गुरमीत सिंह व गुरप्रीत सिंह ने कथा एवं गुरु इतिहास से संगत को निहाल किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। इस बाबत गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार रघुबीर सिंह ने बताया कि मंगलवार को गुरुद्वारे में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस दौरान रागी जत्थे की ओर शबद कीर्तन किया जाएगा।