सैयदराजा। नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष इम्तियाज खान पप्पू की फेसबुक आईडी हैक कर उनकी फ्रेंड सूची में दर्ज लोगों से रुपये मांगे जाने का मामला प्रकाश में आया है। इसमें हैकरों ने फेसबुक पर जुड़े कई स्थानीय लोगों से भी रुपये मांगे गए। बाद में उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। रविवार की देर रात उन्होंने अपनी फेसबुक आईडी को बंद कर दिया। सोमवार को उनके यहां इस घटना की जानकारी लेने वालों की भीड़ लगी।
एंड्राइड मोबाइल पर विभिन्न एप के इस्तेमाल में छोटी सी चूक बड़ी घटना का सबब बन जा रही है। ताजा मामला फेसबुक आईडी को हैक पर सूची में दर्ज लोगों से रूपये मांगने का है। दरअसल रविवार की दोपहर सैयदराजा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष इम्तियाज खां पप्पू का फेसबुक आईडी हैकरों ने हैक कर लिया। इसके बाद उनकी फ्रेंड लिस्ट में जुड़े लोगों को मैसेज के जरिए खाता संख्या भेज उसमें 55 सौ रुपये भेजे जाने की बात कही गई। पूर्व अध्यक्ष की ओर से रुपये मांगे जाने के मैसेज को पढ़कर लोग दंग रह गए। मामला संदिग्ध नजर आने पर लोगों ने इसकी जानकारी पूर्व अध्यक्ष इम्तियाज खां को दी गई। जानकारी होने के बाद वह भी सन्न रह गए। बाद में उन्होंने अपना पासवर्ड बदल दिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद भी मैसेज भेजकर रुपये मांगने का सिलसिला नहीं थमा। बाद में इम्तियाज खां ने अपनी फेसबुक आईडी बंद कर दी। उन्होंने इस बात की आशंका ज्यादा थी कि उनके फेसबुक आईडी से कोई गलत संदेश देने वाला मैसेज कहीं किसी को न चला जाए।