सकलडीहा। सकलडीहा पीजी कॉलेज में होने वाले छात्रसंघ चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। 16 नवम्बर को चुनाव के लिए मतदान होगा। चुनाव के लिए सोमवार को मुख्य चुनाव अधिकारी डा. उदय शंकर झा और सहायक चुनाव अधिकारी डा. प्रमोद कुमार पांडेय ने आचार संहिता की सूची चस्पा की। सूची चस्पा देख छात्रों में काफी उत्साह है।
छात्रसंघ चुनाव में आगामी सात नवम्बर को विभिन्न पदों पर दावा ठोंकने वाले उम्मीदवार पर्चा दाखिल करेंगे। नामांकन के बाद आवेदन पत्रों की जांच की जाएगी और 16 नवंबर को मतदान व परिणामों की घोषणा की जाएगी। उसी दिन विजेता पदाधिकारियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। इस संबंध में मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि चुनाव संपन्न कराने की पूरी तैयारी कर ली गई है। लिंगदोह कमेटी के निर्देशों के अनुसार चुनाव आचार संहिता की सूची चस्पा कर दी गई है। सख्ती के साथ लिंगदोह कमेटी के निर्देशों का पालन कराया जाएगा। महाविद्यालय परिसर में प्रत्याशियों का एक भी होर्डिंग या पोस्टर नहीं लगने दिया जाएगा। सभी प्रत्याशियों को पोस्टर व बैनर हटवाने का निर्देश दे दिया गया है।