चहनियां। क्षेत्र में एक माह पूर्व बाइक की डिग्गी से रुपये चुराने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के 26 हजार रुपये भी बरामद किए है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी दिल्ली, कानपुर, जौनपुर व वाराणसी में दो दर्जन से अधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके है।
बता दें कि चार सितंबर को चहनियां बाजार से सूर्यनाथ राम पुत्र स्व.रामकिशोर राम की बाइक की डिग्गी से चोरों ने साठ हजार रुपये नगद चोरी कर लिए थे। घटना के बाद पुलिस चोरों की तलाश लगे में लग गई। वहीं जिले की स्वाट टीम को भी मामले के खुलासे के लिए लगा दिया गया। सीओ सकलडीहा प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि शनिवार को पुलिस को सूचना मिली की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी चहनियां चौराहे पर मौजूद है। सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर ली दो लोगों धर दबोचा। इसके बाद दोनों आरोपियों के थाने ले आई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शमीम व अकरम दोनों निवासी हुसैनाबाद देहात कोतवाली जिला बिजनौर के तौर पर हुई। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से चोरी के 26 हजार रुपये नगद बरामद हुए है। दोनों आरोपी दिल्ली, कानपुर, जौनपुर व वाराणसी में घटनाओं को अंजाम दे चुके है।