कंदवा। कम्हरिया गांव स्थित काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक की शाखा में किसानों की बिना सहमति व जानकारी के स्वास्थ्य बीमा के नाम पर 2780 से 4903 रुपये काटे जाने के मामले की जांच करने शुक्रवार को प्रशासनिक टीम बैंक पहुंची। एसडीएम सदर हीरालाल के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम ने दोपहर बैंक की शाखा पर पहुंचकर करीब दो घंटे तक दस्तावेजों व कंप्यूटरों को खंगाला। अधिकारियों ने कहा कि जांच अभी चल रही है, पूूरी होने के बाद इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी जाएगी।
बैंक की शाखा में किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड खाते से बिना सहमति व जानकारी के स्वास्थ्य बीमा के नाम पर 2780 से लेकर 4903 रुपये बीमा कंपनी के खाते में ट्रांसफार्मर कर दिए गए हैं। अमर उजाला ने इस खबर को 14 व 15 अक्टूबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद किसान युवा विकास मंच के सदस्यों ने भी सीडीओ को पत्रक सौंपाकर प्रकरण की जांच कराए जाने की मांग की थी। इसके बाद शुक्रवार को दोपहर के करीब दो बजे एसडीएम, एलडीएम पीके झा और जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती बैंक की शाखा पर पहुंचे। इस दौरान तीन सदस्यीय जांच टीम ने विभिन्न दस्तावेजों व कम्प्यूटरों को खंगाला। जांच टीम आने की सूचना पर किसान युवा विकास मंच के धर्मेंद्र उपाध्याय, पवन, अरुण सिंह, रवि पांडेय आदि किसान बैंक पहुंचे और किसानों के खाते से पैसा काटे जाने पर विरोध जताया। एसडीएम व एलडीएम ने बताया कि बिना सहमति व जानकारी के बीमा करना गलत है। इस दौरान शाखा प्रबंधक सतीश राय, अनिल सिंह झुन्ना, प्रदीप सिंह, बेचू, महेश आदि मौजूद रहे।
कंदवा। किसानों के स्वास्थ्य बीमा के नाम पर धन ट्रांसफर होने की जांच शुरू होने पर 31 अक्टूबर को ओयरचक गांव के छह किसानों सीता उपाध्याय, राम अकबाल सिंह, रामचंद्र सिंह, रामबचन कुशवाहा, रामराज उपाध्याय और रामजी उपाध्याय का काटा गया धन दोबारा उनके खाते में भेज दिया गया है। इससे पूर्व 18 -19 अक्टूबर को बैंक ने चार मृतक किसानों के खाते में भी धन वापस किया था।
कंदवा । स्वास्थ्य बीमा के नाम पैसा कटने की सूचना पर काशी गोमती संयुक्त ग्रामीण बैंक कम्हरिया शाखा पर पासबुक अपडेट कराने के लिए खाताधारकों की भीड़ लग रही है। शुक्रवार को भी दर्जनों खाताधारकों ने अपना पासबुक अपडेट कराया।