पीडीडीयू नगर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर परिवर्तन सेवा समिति व एचडीएफ़सी बैंक की ओर से गुरुवार को दुलहीपुर स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के ग्रुप केंद्र पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि सीआरपीएफ के डीआईजी जे. राजेंद्रन ने रिबन काटकर किया। इस मौके 20 जवानों ने रक्तदान किया।
मुख्य अतिथि व कमांडेंट रामलखन राम ने कहा कि रक्तदान जीवनदान है। रक्तदान कई जिंदगियों को बचाता है। इस बात का अहसास लोगों को तब होता है जब उनका कोई अपना खून के लिए जिंदगी और मौत के बीच जूझता है। समिति के अध्यक्ष चंद्रेश्वर जायसवाल ने कहा कि देश में हर वर्ष लगभग 30-35 प्रतिशत रक्त की कमी का सामना करना पड़ता है। देश को प्रति वर्ष आठ से दस मिलियन यूनिट रक्त की जरूरत होती है, लेकिन मुश्किल से 5.5 मिलियन यूनिट का ही प्रबंध हो पाता है। भारत में रक्तदान की कमी काफी हद तक गलत सोच और मिथकों के कारण है जबकि नियमित किए गए रक्तदान से शरीर को ही फायदा ही होता है। समिति के सचिव प्रभाकर सिंह व नगर अध्यक्ष अंकित त्रिपाठी ने डीआईजी का पुष्प गुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया। इस मौके पर सीआरपीएफ अधिकारी राजीव कुमार, एके सिंह, एचडीएफ़सी बैंक से मनोज सिंह, समिति के संरक्षक जितेंद्र सिंह, संदीप सिंह, एस फ़ाजिल व अन्य उपस्थित थे।