पीडीडीयू नगर। नई दिल्ली से पूरी जा रही डाउन पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन में यात्री की तबियत खराब हो गई। कंट्रोल की सूचना पर यात्री को स्थानीय रेलवे स्टेशन पर उतार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसकी मौत हो गई।
मृतक के साथी यात्री के अनुसार माधीपुर थाना रमना जिला बालेश्वर उड़ीसा निवासी फारूख (40) नई दिल्ली में निजी राइस मिल में काम करता था। वह पुरषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन से घर के लिए चला था। वह बीमार चल रहा था और उसका इलाज चल रहा था। डाउन पुुरुषोत्तम एकसप्रेस के एसी कोच संख्या बी-1 के सीट संख्या 18 और 19 पर वह सवार था। ट्रेन इलाहाबाद से आगे चली थी कि उसकी तबियत अधिक खराब होने लगी। साथी यात्रियों ने इसकी सूचना कंट्रोल को दी। कंट्रोल की सूचना पर स्थानीय रेलवे स्टेशन पर चिकित्सकों की टीम पहुंच गई। ट्रेन रविवार की सुबह सुबह पौने दस बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंची। ट्रेन रुकते ही जीआरपी, आरपीएफ के साथ चिकित्सकों की टीम पहुंची और बीमार यात्री की जांच पड़ताल की। उसके बाद यात्री को ट्रेन से उतार कर पूर्व मध्य रेलवे लोको मंडलीय अस्पताल पहुंचाया।यहां उसकी मौत हो गई। जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर इसकी सूचना परिवार वालों को दी और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।