पीडीडीयू नगर। जिले के अलग अलग इलाको में हल्की बारिश के बीच बिजली गिरने से मासूम की मौत हो गई, वहीं दो भैस भी झुलसकर मर गई। मासूम की मौत से घर में कोहराम मच गया। परिवार वालों ने बच्चे के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
सकलडीहा संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के बरठी गांव के पंकज रावत की चार वर्षीय पुत्री पारो घर से बाहर खेल रही थी। इसी बीच बारिश शुरू हो गई। वह बचने के लिए घर की ओर भागी लेकिन तभी बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गई। परिवार वाले बालिका को चतुर्भुजपुर सकलडीहा रेलवे स्टेशन के समीप निजी अस्पताल मं ले गए। यहां चिकित्सकों ने बालिका को मृत घोषित कर दिया। बालिका की मौत से घर में कोहराम मच गया। माता अनिता का रो रोकर हाल बेहाल हो गया। पंचायत के बाद परिवार वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। शिकारगंज संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के बोदलपुर गांव निवासी उदयनाथ यादव की भैस गुरुवार की शाम बोदलपुर बंधी के समीप बिजली गिरने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। कंदवा संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के अरंगी गांव में गुरुवार की देर शाम बिजली गिरने उसकी चपेट में आने से योगेंद्र लाल श्रीवास्तव के भैंस की मौत हो गई। पशुपालक ने इसकी सूचना क्षेत्रीय लेखपाल को दी। ग्राम प्रधान वंशनारायन यादव ने जिला प्रशासन से सहायता देने की मांग की।