पीडीडीयू नगर। हावड़ा दिल्ली रूट पर टूंडला में एनआई (नान इंटरलाकिंग) की वजह से हावड़ा से श्रीगंगा नगर तक जाने वाली उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से आगे के लिए निरस्त कर दिया गया है। ट्रेन के आगे न जाने से मंगलवार की भोर में भी उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस के यात्रियों ने हो हल्ला किया। बाद में वाणिज्य, आरपीएफ और जीआरपी ने यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया और उनके टिकट को दूसरे ट्रेनों के लिए वैध कर आगे के लिए रवाना किया।
सोमवार की रात पीडीडीयू जंक्शन पहुंचने वाली अप 13007 उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से मंगलवार की भोर में पांच बजे स्थानीय स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या सात पर पहुची। ट्रेन के पहुंचते ही घोषणा हुई कि ट्रेन आगे नहीं जाएगी। इस पर इस ट्रेन से आगे की यात्रा के लिए रिजर्वेशन कराए यात्री भौचक रह गए और इधर उधर भागने लगे। हालांकि वाणिज्य विभाग ने इसके लिए पहले से तैयारी कर रखी थी। लगातार एनाउंस किया गया कि इसी टिकट पर यात्री दूसरी ट्रेनों से यात्रा कर सकेंगे। इसके लिए यात्री प्लेटफार्म संख्या दो स्थित मे आई हेल्प यू काउंटरपर संपर्क करें। यही नहीं आरपीएफ, जीआरपी ने भी यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया। बाद में वाणिज्य विभाग की टीम ने 60 से अधिक रिजर्व टिकट को दूसरे ट्रेनों से यात्रा के लिए अधिकृत किया और यात्रियों को दूसरी ट्रेनों से रवाना किया। इस दौरान सीएसजी एसएन पासवान, डिप्टी एसएस कमर्शियल सतपाल सिंह, जितेन्द्र पाल रहे। इस संबंध में स्टेशन निदेशक हिमांशु शुक्ला ने बताया कि टूंडला में एनआई की वजह से तूफान को निरस्त किया गया है। कोशिश है कि यात्रियों को परेशानी न हो। इसके लिए यात्रियों को दूसरे ट्रेनों से गंतव्य के लिए भेजा जा रहा है।