Chandauli News: चंदौली जिले में पदभार संभालते ही एसपी आकाश पटेल एक्शन में दिखे। उन्होंने सैयदराजा के एसआई और दुलहीपुर के कांस्टेबल को निलंबित करने के साथ ही छह पर जांच बैठाई।
चंदौली में पोस्टिंग के दूसरे दिन ही एसपी आकाश पटेल एक्शन मोड में दिखे। हालिया समीक्षा में सामने आई अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई करते हुए सैयदराजा के एसआई और दुलहीपुर के कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। जबकि छह अन्य के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
एसपी आकाश पटेल ने बताया कि मुगलसराय थाना क्षेत्र की दुलहीपुर चौकी पर तैनात मुख्य आरक्षी संतोष यादव को अवैध जुआ व तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई न करने के आरोप में निलंबित किया गया। वहीं सैयदराजा थाना के उपनिरीक्षक राम प्यारे चौधरी को अपराधियों पर नियंत्रण में लापरवाही, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी में ढिलाई और सूचना देने में देरी के कारण निलंबित किया गया है।
इसके अलावा गो-तस्करी के मामलों में हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान गंभीर लापरवाही पाए जाने पर टीएसआई उमाशंकर यादव, मनोज कुमार सिंह सहित छह पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। सभी के विरुद्ध प्रारंभिक जांच शुरु कर दी गई है।