क्षेत्र के अमड़ा गांव में स्वीकृत 220 केवी पावर हाउस के निर्माण होना है। इसे लेकर बुधवार को सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने विद्युत पारेषण ट्रांसमिशन मंडल वाराणसी के अधीक्षण अभियंता डीसी दीक्षित के साथ विद्युत उपकेंद्र अमड़ा और खाली पड़ी जमीन का निरीक्षण किया। इसके बाद फिर से शासन को दो प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी।
अमड़ा स्थित विद्युत उपकेंद्र से असना, धीना, रेरुआ, ककरैत, जेवरियाबाद, डेढ़गांवा, विश्वबैंक और राइस मिल फीडर सहित कुल आठ फीडर संचालित होते हैं। इनके माध्यम से 100 से अधिक गांव और 70 सरकारी नलकूपों को विद्युत आपूर्ति की जाती है। उपकेंद्र मुख्य आपूर्ति गाजीपुर जनपद के जमानिया उपकेंद्र से प्राप्त करता है। गैर-जनपद से मुख्य आपूर्ति होने के कारण गर्मी और सिंचाई के समय क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था अक्सर चरमरा जाती है। ट्रांसमिशन मंडल के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि पावर हाउस की स्थापना के लिए पहले भेजे गए प्रस्ताव में कुछ तकनीकी कारणों से स्वीकृति नहीं मिल सकी थी। इसे संशोधित कर दो नए प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे। पहले प्रस्ताव में सिंचाई विभाग, बिजली विभाग और पास के किसानों की अधिग्रहण योग्य जमीन शामिल होगी, जबकि दूसरे प्रस्ताव में बिजली विभाग और किसानों की अधिग्रहण योग्य जमीन को शामिल किया जाएगा। विधायक सुशील सिंह ने कहा कि अमड़ा में 220 केवी पावर हाउस बनने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति मजबूत होगी और लो-वोल्टेज तथा अनियमित कटौती की समस्या से निजात मिलेगी। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता सिविल आशीष कुमार, एसडीओ ट्रांसमिशन विवेक तिवारी, उमेश कुमार, एसडीओ जय सिंह, प्रमुख धानापुर अजय सिंह, उदय नारायण सिंह, दीपू सिंह और पवन सिंह उपस्थित रहे।