चंदौली। जिले में 22 मई से शुरू हो रहे जनगणना के पहले चरण में मकान सूचीकरण के कार्य के लिए प्रगणकों, सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण की शुरूआत बृहस्पतिवार को तहसील स्तर पर हुई। बृहस्पतिवार को नेशनल इंटर कॉलेज सैयदराजा में चल रहे प्रशिक्षण का निरीक्षण डीएम चंद्रमोहन गर्ग ने किया। इस दौरान डीएम ने कहा कि जनगणना विकास योजनाओं की रीढ़ है। इसलिए इसमें लापरवाही न बरतें।
डीएम ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जनगणना कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और शत-प्रतिशत डिजिटल (सीएमएमएस पोर्टल) तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रगणक व सुपरवाइजर का प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 अप्रैल से 06 मई की समयावधि में संबंधित तहसील पर आयोजित किया जा रहा है। स्व गणना का कार्य 07 मई से 21 मई संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया िक 22 मई से 20 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण का फील्ड कार्य करेंगे। डीएम ने जनपद वासियों से जनगणना राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने जनपद वासियों से स्व गणना पोर्टल डाउनलोड कर घर बैठे पंजीकरण की अपील की है। इस दौरान जिला जनगणना अधिकारी और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार आदि मौजूद रहे।